सेक्टर-19 के निर्माणाधीन मकान में मिला शव, पुलिस को नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
दैनिक खबरनामा चंडीगढ़, अगस्त 23 : सेक्टर-19 में एक निर्माणाधीन मकान में 19 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिहार निवासी रोशन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। सेक्टर-19 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक रोशन के माता-पिता सेक्टर-19 के एक निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करते हैं और काम खत्म होने के बाद वहीं रहते थे। रोशन भी करीब तीन महीने पहले बिहार से रोजगार की तलाश में चंडीगढ़ आया था और अपने माता-पिता के साथ उसी मकान में रह रहा था।
बुधवार सुबह जब रोशन के माता-पिता सोकर उठे तो उन्होंने उसे लोहे की ग्रिल से रस्सी के सहारे लटका देखा। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-19 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारकर जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं और पुलिस ने फिलहाल किसी आपराधिक हस्तक्षेप की बात से इनकार किया है।