बाइक सवार बदमाश वारदात के बाद फरार, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज किया
दैनिक खबरनामा चंडीगढ़, सितंबर 23: चंडीगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान स्नैचिंग की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। बाइक सवार बदमाश अलग-अलग स्थानों पर दो लोगों से सोने की चेन और मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए। दोनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने पीड़ितों के बयान पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पहली घटना सेक्टर-56 की सब्जी मंडी के पास हुई। मोहाली के गांव देसू माजरा निवासी 45 वर्षीय सुनीना वर्मा ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार देर रात अपने पति और बेटी के साथ सब्जी खरीदने गई थीं। रात करीब 10:50 बजे खरीदारी के बाद जब वह अपनी कार में बैठने लगीं तो पीछे से आए एक व्यक्ति ने उनके गले से सोने की चेन और उसमें लगा लॉकेट झपट लिया। इसके बाद आरोपी अपने साथी के साथ बाइक पर सवार होकर फरार हो गया।
सुनीना के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हुए और उन्होंने पुलिस को 112 पर सूचना दी। सेक्टर-39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
दूसरी घटना में आईटी पार्क के गांव किशनगढ़ निवासी सचिदानंद यादव ने बताया कि वह आईटी पार्क में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। मंगलवार रात वह साइकिल से सेक्टर-9 से अपने घर लौट रहे थे। प्रेस लाइट प्वाइंट के पास पीछे से आए एक्टिवा सवार दो युवकों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने तुरंत 112 पर पुलिस को सूचना दी। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसका बयान दर्ज किया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।