दैनिक खबरनामा । चंडीगढ़, 1 जुलाई:अमृत भारत स्कीम के तहत चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इसी कड़ी में स्टेशन के चंडीगढ़ वाले हिस्से में नई पार्किंग का निर्माण शुरू हो चुका है।
फिलहाल पार्किंग के एंट्री पॉइंट पर काम किया जा रहा है जिसे पूरा होने में 15 से 20 दिन लगेंगे। इसके तुरंत बाद एग्जिट साइड का काम हाथ में लिया जाएगा। रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (आरएलडीए) के अधिकारियों का कहना है कि लगभग डेढ़ महीने में पूरी पार्किंग बनकर तैयार हो जाएगी। तैयार होने के बाद यात्रियों को गाड़ी खड़ी करने में सहूलियत होगी। चंडीगढ़ साइड की यह पार्किंग 10,000 वर्ग मीटर में फैली होगी। इसमें एक साथ 700 से 800 गाड़ियां खड़ी करने का इंतजाम रहेगा।
अधिकारियों के मुताबिक बीच में बिटुमन की सप्लाई रुकने से काम की रफ्तार कुछ धीमी हुई थी। अंतरराष्ट्रीय हालात की वजह से बिटुमन मिलने में दिक्कत आई थी। अब सप्लाई सामान्य होते ही निर्माण कार्य ने फिर रफ्तार पकड़ ली है।
उधर, स्टेशन के पंचकूला वाले हिस्से की पार्किंग पहले ही पूरी हो चुकी है और यात्री उसका इस्तेमाल कर रहे हैं। चंडीगढ़ साइड की पार्किंग बनने के बाद दोनों तरफ से आने वाले यात्रियों को गाड़ी पार्क करने की पर्याप्त जगह मिल जाएगी। इससे स्टेशन के आसपास ट्रैफिक भी बेहतर होने की उम्मीद है।
पंचकूला के मुकाबले छोटा होगा पार्किंग एरिया
पंचकूला साइड पर बनी पार्किंग 17,000 वर्ग मीटर में फैली है। वहां करीब 1,000 गाड़ियां पार्क हो सकती हैं। तुलना में चंडीगढ़ साइड की पार्किंग 10,000 वर्ग मीटर की है, जिसकी क्षमता 700 से 800 वाहनों की होगी।
आरएलडीए अधिकारियों ने बताया कि पंचकूला की तरफ से सड़क संपर्क का काम पूरा हो गया है। स्टेशन से थोड़ी दूरी पर सड़क का जो हिस्सा क्षतिग्रस्त था, उसकी मरम्मत कर दी गई है। फिलहाल एक तरफ की सड़क पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। दूसरी तरफ की सड़क का काम चल रहा है और उसे भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।