मंदिर से पैदल घर लौट रही 60 वर्षीय महिला को बनाया निशाना, करीब 20 ग्राम की चेन ले उड़े; पुलिस ने दर्ज किया केस
दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, सितंबर 25 : सेक्टर-15 में गुरुवार रात बाइक सवार दो युवकों ने 60 वर्षीय महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। वारदात के दौरान महिला सड़क पर गिर गई, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-15ए निवासी रंजना महाजन शाम करीब 7 बजे मंदिर गई थीं। रात करीब 8 बजे वह पैदल अपने घर लौट रही थीं। घर के पास दूध बूथ के नजदीक पहुंचने पर पीछे से आए एक युवक ने उनके गले से करीब 20 ग्राम की सोने की चेन झपट ली।
चेन झपटने के बाद आरोपी कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल लेकर खड़े अपने साथी की ओर भागा। इसके बाद दोनों बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। झपटमारी के दौरान हुई खींचतान में रंजना महाजन सड़क पर गिर गईं और उन्हें मामूली चोटें लगीं।
महिला ने शोर मचाकर आसपास मौजूद लोगों और दुकानदारों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस को दिए बयान के अनुसार किसी ने उनकी मदद नहीं की। इसके बाद उन्होंने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिन्होंने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही सेक्टर-11 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला का बयान दर्ज किया। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।