दैनिक खबरनामा। जालंधर, 27 सितंबर: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) की एक छात्रा से दुष्कर्म के दावे के बाद छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया है। छात्रों ने करीब 16 घंटे से जालंधर-फगवाड़ा हाईवे जाम कर रखा है। हालात बिगड़ने पर छात्रों को हटाने पहुंची पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद गुस्साए छात्रों ने पथराव शुरू कर दिया और पुलिस की कई गाड़ियों में आग लगा दी।
लगातार 16 घंटे से हाईवे बंद होने के कारण मौके पर तनाव काफी बढ़ गया है। पथराव में कई पुलिसकर्मी और मीडियाकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस वाहनों में आगजनी के बाद धमाके हो रहे हैं और दूर तक धुआं उठ रहा है। छात्र लगातार पत्थरबाजी कर रहे हैं, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस आंसू गैस के गोले लेकर मौके पर पहुंची है।
रात में फिर बिगड़े हालात, छोड़े गए आंसू गैस के गोले
रात करीब 9:25 बजे स्थिति एक बार फिर तनावपूर्ण हो गई। छात्र LPU के गेट के बाहर से निकलकर फ्लाईओवर पर आ गए। इस दौरान पुलिस को पीछे हटना पड़ा। छात्र लगातार फ्लाईओवर पर आगे बढ़ते रहे, जिसके बाद पुलिस ने दो आंसू गैस के गोले छोड़े।
पेट्रोल बम से गाड़ियों में आगजनी, कैंपस में तोड़फोड़
प्रदर्शनकारियों ने यूनिवर्सिटी परिसर के अंदर भी जमकर तोड़फोड़ की है। कैंपस के अंदर कई जगहों से धुआं उठता देखा गया। प्रदर्शनकारी लोहे की रॉड लेकर घूम रहे हैं। आरोप है कि पुलिस की गाड़ियों में आग लगाने के लिए पेट्रोल बम का इस्तेमाल किया गया है। परिसर के अंदर से लगातार तोड़फोड़ की खबरें आ रही हैं।
पुलिस के आश्वासन को छात्रों ने ठुकराया
शाम 6:30 बजे पुलिस ने छात्रों से बातचीत की और बताया कि उनकी मांगों के अनुसार कार्रवाई की गई है। मामले की जांच के लिए एक एसआईटी गठित कर दी गई है जो नामजद शिकायत पर जांच करेगी। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में दुष्कर्म के आरोप के समर्थन में कोई सबूत नहीं मिला है, लेकिन एसआईटी पूरे मामले की गहन जांच करेगी।
पुलिस पर आरोप, जमकर नारेबाजी
जो छात्र प्रतिनिधि पुलिस से बात करने गए थे, उनका भी कुछ प्रदर्शनकारियों ने विरोध किया और पुलिस की बात मानने से इनकार कर दिया। शाम 7:45 बजे पुलिस टीम दूसरी बार प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच पहुंची और उन्हें बताया कि उनकी कौन-कौन सी मांगें मान ली गई हैं और सभी वीडियो कब्जे में ले लिए गए हैं।
इसके बावजूद छात्रों ने पुलिस की बात नहीं मानी और पुलिस व यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए नारेबाजी जारी रखी। काफी देर तक समझाने के बाद भी जब छात्र नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया।