दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 28 अक्टूबर 2026. पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधिमंडल ने समीक्षा के दूसरे दिन जिला स्तर पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान राज्य के सभी 23 जिलों के जिला चुनाव अधिकारियों, पुलिस कमिश्नरों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त पवन कुमार शर्मा, उप चुनाव आयुक्त भानु प्रकाश येतूरू, महानिदेशक (आईटी) सीमा खन्ना और महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल शामिल थे।
बैठक के दौरान जिला अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में चुनाव संबंधी तैयारियों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की। अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने, चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता बनाए रखने और चुनाव से पहले की सभी गतिविधियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक में चुनावी तैयारियों को प्रभावी ढंग से लागू करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देशों पर भी चर्चा की गई, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न करवाई जा सके।
मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब ने वरिष्ठ अधिकारियों को आश्वस्त किया कि आगामी विधानसभा चुनावों से संबंधित सभी कार्य पूरी जिम्मेदारी और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव करवाए जा सकें।