दैनिक खबरनामा/ब्यूरो/मोहाली/ 06 जून 2026: गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (जीएनडीयू), अमृतसर की छात्रा इशिता बतिश ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का एक और शानदार उदाहरण पेश करते हुए एम.टेक (अर्बन प्लानिंग) में यूनिवर्सिटी गोल्ड मेडल हासिल किया है। सत्र 2024-26 में उन्होंने 10 में से 9.04 सीजीपीए प्राप्त कर पूरे कोर्स मे प्रथम स्थान हासिल किया।
इशिता की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि यह उनका लगातार दूसरा यूनिवर्सिटी गोल्ड मेडल है। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2024 में जीएनडीयू से बी.टेक की पढ़ाई के दौरान भी गोल्ड मेडल प्राप्त किया था। लगातार दो अलग-अलग डिग्री कोर्सेस में स्वर्ण पदक हासिल कर उन्होंने एक नई मिसाल कायम की है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इशिता को आगामी वार्षिक दीक्षांत समारोह में औपचारिक रूप से यूनिवर्सिटी गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार और शिक्षकों में खुशी का माहौल है, बल्कि विश्वविद्यालय समुदाय भी गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
गुरु राम दास स्कूल ऑफ प्लानिंग के विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर ने इशिता की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता, मेहनत और शोध के प्रति समर्पण विभाग के उच्च मानकों को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि किसी छात्र का लगातार दो बार गोल्ड मेडल हासिल करना बेहद दुर्लभ उपलब्धि है और इशिता ने आने वाली पीढ़ी के छात्रों तथा भावी शहरी योजनाकारों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इशिता की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल की जा सकती है।