दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 28 अक्टूबर 2026. पंजाब में गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 281वें दिन पुलिस ने राज्यभर में 587 ठिकानों पर छापेमारी कर पांच हथियारों सहित 235 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा नौ भगोड़े अपराधियों को भी काबू किया गया, जबकि 209 लोगों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई।
पंजाब पुलिस के अनुसार, राज्य को गैंगस्टर मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान 20 जनवरी 2026 को पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के नेतृत्व में शुरू किया गया था। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिह्नित ठिकानों पर लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
पुलिस ने बताया कि अभियान शुरू होने से अब तक कुल 81,311 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में जानकारी देने के लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 का इस्तेमाल करें। इस नंबर पर गोपनीय रूप से सूचना साझा की जा सकती है।
नशा तस्करी के खिलाफ भी कार्रवाई, 147 तस्कर गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने नशों के खिलाफ अभियान ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 606वें दिन भी कार्रवाई जारी रखते हुए 147 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 20.2 किलोग्राम हेरोइन, 565 नशीली गोलियां और 6,550 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक, ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के तहत पिछले 606 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या बढ़कर 88,979 हो गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।