दैनिक खबरनामा। जम्मू, 30 अक्टूबर: जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम 2026-27 के लिए कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों से आवेदन मांगे हैं। योजना के तहत जम्मू-कश्मीर में 1068 विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक हर साल 12 हजार रुपये की स्कॉलरशिप दी जाएगी। यानी हर विद्यार्थी को चार साल में कुल 48 हजार रुपये मिलेंगे।
सिर्फ सरकारी स्कूलों के छात्र होंगे पात्र
बोर्ड के मुताबिक, परीक्षा के लिए वही विद्यार्थी पात्र होंगे जो जम्मू-कश्मीर के डोमिसाइल हों और सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त या स्थानीय निकाय के स्कूल में पढ़ रहे हों।
विद्यार्थी ने कक्षा 7वीं की सालाना परीक्षा में कम से कम 55 प्रतिशत अंक हासिल किए हों। SC, ST विद्यार्थियों को 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। परिवार की सालाना आय 3.50 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
दो पेपर में 180 सवाल, कुल 180 अंक
परीक्षा में दो पेपर होंगे। पहला मेंटल एबिलिटी टेस्ट और दूसरा स्कॉलास्टिक एप्टीट्यूड टेस्ट होगा। दोनों पेपरों में 90-90 सवाल होंगे और हर पेपर के अधिकतम 90 अंक होंगे। दोनों परीक्षाओं में मिलाकर कम से कम 40 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी होगा, जबकि SC, ST विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम सीमा 32 प्रतिशत रखी गई है।
30 नवंबर तक जमा होंगे आवेदन
आवेदन पत्र जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं। तय आवेदन पत्र के साथ कक्षा 7वीं की मार्कशीट, आय प्रमाणपत्र और लागू होने पर कैटेगरी सर्टिफिकेट जमा करना होगा।
आवेदन फीस 60 रुपये है। आवेदन संबंधित मुख्य शिक्षा अधिकारी (CEO) के दफ्तर में 30 नवंबर तक जमा करवाने होंगे।