दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़/संगरूर, 25 नवंबर 2026.
संगरूर डिपो से ऐतिहासिक पहल का आगाज, 104 कर्मचारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
पंजाब सरकार ने पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (पी.आर.टी.सी.) के आउटसोर्स कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट के अधीन लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बुधवार को संगरूर डिपो में आयोजित समारोह के दौरान इस पहल की औपचारिक शुरुआत की और विभिन्न डिपो के 104 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। सरकार की इस पहल के तहत पी.आर.टी.सी. के कुल 1,719 कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट के अधीन लाया जाना है।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार कर्मचारियों को नौकरी की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर सेवा शर्तें प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इसे आउटसोर्स कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि सरकार ने इस उद्देश्य से कानूनी प्रावधान किया है। निर्धारित 90 दिनों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब योग्य कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त करने की कार्रवाई शुरू हो गई है।
वित्त मंत्री ने बताया कि कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया नियमों के अनुसार और पारदर्शी ढंग से पूरी की जा रही है। संबंधित अधिकारियों द्वारा नियुक्ति पत्र तैयार किए जा रहे हैं तथा सेवा रिकॉर्ड की पुष्टि, मेडिकल जांच और पुलिस सत्यापन सहित आवश्यक विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट के अधीन नियुक्त किया जा रहा है।
चीमा ने पिछली सरकारों पर कर्मचारियों की जायज मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसके चलते आउटसोर्स कर्मचारियों को अपने अधिकारों के लिए बार-बार धरने और हड़ताल करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए उनके हितों की रक्षा के लिए ठोस कानूनी कदम उठाए हैं। उन्होंने कर्मचारियों से अपनी जिम्मेदारियों को पूरी लगन, ईमानदारी और अनुशासन के साथ निभाने की अपील भी की।
इस बीच, सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बुधवार सुबह संगरूर में जी.एस.टी. और आबकारी विभाग के कार्यालयों का अचानक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी ड्यूटी से गैर-हाजिर पाए गए। मंत्री ने गैर-हाजिर कर्मचारियों की पहचान के लिए कार्यालयों के हाजिरी रजिस्टर कब्जे में लेने के निर्देश दिए और कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में लापरवाही, ड्यूटी में कोताही और बिना पूर्व अनुमति गैर-हाजिरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता को समय पर, पारदर्शी और कुशल सेवाएं उपलब्ध करवाएं। इस जिम्मेदारी में विफल रहने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
समारोह में पी.आर.टी.सी. की प्रबंध निदेशक जशनप्रीत कौर गिल, संगरूर के जनरल मैनेजर मनिंदरपाल सिंह सिद्धू, वित्त मंत्री के ओ.एस.डी. तपिंदर सिंह सोही सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।