दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 27 नवंबर: नगर निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी होते ही चंडीगढ़ भाजपा में असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। टिकट वितरण से नाराज पार्टी के कई नेताओं ने संगठन से नाता तोड़ लिया है। इनमें पूर्व डिप्टी मेयर एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल दुबे भी शामिल हैं। उनके इस्तीफे के बाद पार्टी में विरोध के स्वर और तेज हो गए हैं। नाराज नेताओं में से कई ने चुनाव मैदान में निर्दलीय अथवा बागी उम्मीदवार के तौर पर उतरने की तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा के पूर्व वरिष्ठ नेता देशराज गुप्ता के बेटे विकास गुप्ता ने भी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

शुक्रवार देर रात मौलीजागरा में अनिल दुबे ने अपने समर्थकों की सभा आयोजित कर पार्टी नेतृत्व के प्रति नाराजगी जाहिर की। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के आरोप लगाए। दुबे का कहना था कि संगठन के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि दूसरी पार्टियों से भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं को प्राथमिकता देकर टिकट दिए जा रहे हैं। इसी रवैये से नाराज होकर उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया है।

अनिल दुबे के साथ भाजपा से इस्तीफा देने वालों में ओबीसी मोर्चा के आईटी सेल इंचार्ज धीरज कुमार राजभर, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव ओमप्रकाश यादव, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष महेन्द्रनाथ दुबे तथा पूर्वांचल प्रकोष्ठ के पूर्व जिला अध्यक्ष अरविन्द दुबे के नाम भी शामिल हैं।

भाजपा कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं का विरोध

टिकट वितरण को लेकर नाराजगी केवल मौलीजागरा तक सीमित नहीं रही। शहर के अलग-अलग वार्डों से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पार्टी कार्यालय में प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। वार्ड नंबर 27 की मंडल जी टीम ने भी नाराजगी जताते हुए चुनावी गतिविधियों से दूरी बनाने का फैसला किया है। इस वार्ड में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आई पार्षद को उम्मीदवार बनाए जाने से स्थानीय कार्यकर्ताओं में असंतोष है।

वार्ड नंबर 21 में भी टिकट चयन पर सवाल

वार्ड नंबर 21 में प्रत्याशी के चयन को लेकर भी पार्टी के भीतर और स्थानीय स्तर पर विरोध देखने को मिला। करीब 30 वर्षों से भाजपा से जुड़े रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान सुखविंदर सिंह सुखी ने टिकट वितरण के फैसले पर सवाल उठाए हैं। इस वार्ड से उनकी पत्नी पूनम भी टिकट की दावेदार थीं, लेकिन पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया।

टिकट की घोषणा के बाद सुखविंदर सिंह सुखी के आवास पर पहुंचे भाजपा नेताओं को भी विरोध का सामना करना पड़ा। बताया गया कि नाराजगी के चलते नेताओं को उनके घर से वापस लौटना पड़ा।

नगर निगम चुनाव से ठीक पहले टिकट वितरण को लेकर भाजपा में उभरे इस असंतोष ने पार्टी नेतृत्व के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। अब देखना होगा कि पार्टी नाराज नेताओं को मनाने में सफल होती है या बागी उम्मीदवार चुनावी मुकाबले में भाजपा के लिए मुश्किलें बढ़ाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Also Like

लाइसेंस फीस 5 लाख, फिर भी हर रविवार चालान; सेकंड हैंड कार डीलरों में रोष

कार डीलर एसोसिएशन ने नगर निगम की कार्रवाई पर उठाए सवाल, कहा—फीस…

डड्डूमाजरा कचरा संकट पर सख्ती समय सीमा में काम पूरा न हुआ तो होगी कार्रवाई

दैनिक खबरनामा 20 अप्रैल 2026 चंडीगढ़ में डड्डूमाजरा डंपिंग साइट पर जमा…

PU छात्रसंघ चुनाव: नए वोटरों पर सबकी नजर, बदलते नतीजे बढ़ा रहे संगठनों की टेंशन

दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 17 अगस्त: पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्र राजनीति एक बार…

हरियाणा विधानसभा में बुढ़ापा पेंशन पर घमासान, सीएम नायब सैनी बोले– अफवाह फैलाकर विपक्ष ने किया पाप

चंडीगढ़ 24 फरवरी 2026(दैनिक खबरनामा ) चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र…