दैनिक खबरनामा 24 अप्रैल 2026 चंडीगढ़ में पंजाब के सनौर से आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा द्वारा दायर याचिका पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। विधायक ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि उन्हें पंजाब सरकार और पुलिस से खतरा है तथा उन्हें बार-बार नए मामलों में फंसाया जा सकता है।याचिका में बताया गया कि पठानमाजरा के खिलाफ इस समय दो एफआईआर दर्ज हैं, जिनमें एक दुष्कर्म और दूसरी अवैध माइनिंग से संबंधित है। उनके वकील दीपिंदर सिंह विर्क ने कोर्ट को बताया कि विधायक फिलहाल हिरासत में हैं और इन मामलों में कानूनी प्रक्रिया जारी है।वकील ने दलील दी कि यदि विधायक को इन मामलों में जमानत मिलती भी है, तो उनकी रिहाई लंबे समय तक नहीं रह पाएगी। आशंका जताई गई कि जेल से बाहर आते ही पुलिस उन्हें किसी नए मामले में नामजद कर दोबारा गिरफ्तार कर सकती है। इससे उन्हें लगातार कानूनी प्रक्रिया में उलझाकर रखा जा सकता है।
याचिका में यह भी कहा गया कि बार-बार गिरफ्तारी की आशंका के चलते विधायक मानसिक दबाव में हैं और सामान्य जीवन व राजनीतिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।इसी को ध्यान में रखते हुए अदालत से मांग की गई है कि उन्हें विशेष सुरक्षा प्रदान की जाए। साथ ही यह भी आग्रह किया गया कि भविष्य में किसी नए मामले में कार्रवाई से पहले उन्हें नोटिस दिया जाए, ताकि वे अपने कानूनी अधिकारों का समय पर उपयोग कर सकें।