दैनिक खबरनामा 29 अप्रैल 2026 हरियाणा में निकाय चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को पंचकूला में अपना चुनावी घोषणा पत्र (संकल्प पत्र) जारी किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में प्रदेश कार्यालय पंचकमल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह संकल्प पत्र विमोचित किया गया। इससे पहले कांग्रेस भी अपना घोषणा पत्र जारी कर चुकी है।कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री और पंचकूला निकाय चुनाव के प्रभारी विपुल गोयल, सह प्रभारी कंवरपाल गुर्जर, मंत्री कृष्णलाल पंवार, रणबीर गंगवा, राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, कालका विधायक शक्तिरानी शर्मा, पूर्व स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता और मेयर उम्मीदवार श्यामलाल बंसल भी शामिल हुए।संकल्प पत्र विमोचन के दौरान कई जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। इनमें पूर्व मंत्री राजकुमार बाल्मीकि, हिसार से जयसिंह बिश्नोई, गुरुग्राम से जगदीश मांडोली, रेवाड़ी से सुरेंद्र मड़िया, अनिल यादव, पवन यादव और कैथल से अनिल सहित 50 से अधिक लोग शामिल रहे।वहीं पंचायत उपचुनाव की तस्वीर भी साफ हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार कई पदों पर बड़ी संख्या में उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। 10 मई को जिला परिषद, पंचायत समिति, सरपंच और पंच के कुछ पदों पर मतदान होगा।निकाय चुनाव की बात करें तो अंबाला, सांपला और सोनीपत समेत कई जगहों पर उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया है, जिससे चुनावी मुकाबले की तस्वीर बदल गई है। पंचकूला में भी पार्षद पद के दो उम्मीदवारों ने नाम वापस लिया है, जिससे यहां भी समीकरण प्रभावित हुए हैं।