पंजाब 21 फरवरी 2026 ( दैनिक खबरनामा ) पंजाब के तरनतारन जिले के गांव जोहल राजू सिंह में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। 12वीं कक्षा की छात्रा सिमरनजीत कौर अपने कमरे में पढ़ाई कर रही थी। रात करीब 12 बजे एक युवक अचानक घर में घुस आया और उस पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे छात्रा की गर्दन में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।छात्रा की मां मनदीप कौर के अनुसार, अचानक कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाज आई। परिवार के सदस्य जब कमरे की ओर दौड़े तो देखा कि सिमरनजीत कौर लहूलुहान हालत में पड़ी थी और उसकी गर्दन से खून बह रहा था। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक की पहचान गांव के ही रहने वाले निरवेल सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिस्तौल लेकर मौके से फरार हो गया। भागते समय उसकी लड़की के पिता से टक्कर भी हुई, लेकिन आरोपी ने पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और वहां से भाग निकला।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़िता की मां के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं।