दैनिक खबरनामा। जम्मू, 12 जून: माता वैष्णो देवी और अमरनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए जम्मू में एक नया पर्यटन आकर्षण तैयार होने जा रहा है। सालाना अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले तवी नदी के किनारे भगवती नगर स्थित अमरनाथ यात्रा बेस कैंप के पास बन रहा ‘वेस्ट टू वंडर पार्क’ अंतिम चरण में पहुंच चुका है। जम्मू स्मार्ट सिटी मिशन के तहत करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे इस प्रोजेक्ट का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और इसे यात्रा शुरू होने से पहले जनता के लिए खोलने की तैयारी है।
यह पार्क अपनी अनोखी अवधारणा के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा। यहां कबाड़, स्क्रैप मेटल और अन्य पुनर्चक्रित सामग्री से देश-दुनिया के प्रसिद्ध स्मारकों की प्रतिकृतियां तैयार की जा रही हैं। पार्क का मुख्य आकर्षण 40 फुट ऊंची ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ की प्रतिकृति होगी, जिसे पूरी तरह वेस्ट मेटल से बनाया जा रहा है।
इसके अलावा पर्यटक यहां हवा महल समेत कई प्रसिद्ध राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्मारकों के मॉडल देख सकेंगे। स्थानीय विरासत को प्रदर्शित करने के लिए अखनूर किला और विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिजों में शामिल चिनाब ब्रिज की प्रतिकृतियां भी पार्क में स्थापित की जा रही हैं।
इस परियोजना का उद्देश्य कचरे और अनुपयोगी सामग्री को रचनात्मक कलाकृतियों में बदलकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पर्यटन को नई पहचान देना है। ‘वेस्ट टू वंडर’ थीम पर आधारित यह पार्क जम्मू में आने वाले पर्यटकों को मनोरंजन, शिक्षा और पर्यावरणीय संदेश का अनूठा अनुभव प्रदान करेगा।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यह पहल जम्मू के पर्यटन क्षेत्र को नई गति देगी। अमरनाथ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु जम्मू पहुंचते हैं और कई यात्री यात्रा से पहले या बाद में शहर में एक-दो दिन रुकते हैं। ऐसे में यह पार्क उनके लिए घूमने-फिरने का नया विकल्प बनेगा, जिससे स्थानीय होटल व्यवसाय, दुकानदारों और अन्य कारोबारियों को भी आर्थिक लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हो रही है। ऐसे में यात्रा सीजन से पहले इस पार्क का तैयार होना जम्मू के पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।