दैनिक खबरनामा। नई दिल्ली, 14 जून: भारतीय सेना ने औपनिवेशिक परंपराओं को खत्म करने और वर्दी नियमों को भारतीय पहचान के अनुरूप बनाने के लिए नया ‘आर्मी यूनिफॉर्म्स-2026’ मैनुअल जारी किया है। 174 पेज के इस मैनुअल में औपचारिक मौकों पर बंदी जैकेट को ड्रेस कोड में शामिल किया गया है, जबकि कई समारोहों में इस्तेमाल होने वाली पाउच बेल्ट को हटाया गया है। परेड के दौरान समीक्षा करने वाले अधिकारियों के लिए तलवार रखना अब वैकल्पिक होगा।
सेना ने सभी रैंकों के लिए नई शीतकालीन वर्दी ‘उबी’ भी शुरू की है। वहीं, टैटू, बॉडी पीयर्सिंग, धार्मिक प्रतीकों, ब्रेसलेट और यूनिफॉर्म में परफ्यूम के इस्तेमाल पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। मूंछों की अधिकतम लंबाई 12 सेंटीमीटर तय की गई है।
महिला अधिकारियों के लिए साड़ी या दुपट्टे के साथ कुर्ता-सलवार की अनुमति दी गई है, लेकिन बिना आस्तीन वाले कुर्ते, पलाजो और सिगरेट पैंट पर रोक रहेगी। इसके अलावा, सेना की शब्दावली से ‘रॉयल’ जैसे औपनिवेशिक दौर के शब्द भी हटाए गए हैं। सेना का कहना है कि ये बदलाव भारतीय मूल्यों के अनुरूप आधुनिक और स्वदेशी सैन्य पहचान को मजबूत करेंगे।