दैनिक खबरनामा 6 मई 2026 चंडीगढ़ एस्टेट ऑफिस ने कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड को लेकर सख्त आदेश जारी किए हैं। 4 मई 2026 से ग्रुप ‘C’ और पूर्व ग्रुप ‘D’ श्रेणी के कर्मचारियों के लिए यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। इस नियम के तहत अब सभी संबंधित कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान काली पैंट और आसमानी रंग की शर्ट पहननी होगी।प्रशासन के अनुसार, कर्मचारियों को पहले से ही ड्रेस अलाउंस दिया जा रहा है, बावजूद इसके कई कर्मचारी निर्धारित यूनिफॉर्म में ड्यूटी नहीं कर रहे थे। इसे नियमों की अनदेखी मानते हुए एस्टेट ऑफिस ने दोबारा सख्त निर्देश जारी किए हैं।यह आदेश ड्राइवर, दफ्तरी, प्रोसेस सर्वर, चपरासी, सफाई कर्मचारी समेत अन्य स्टाफ पर लागू होगा। खास बात यह है कि यह नियम न केवल स्थायी कर्मचारियों बल्कि आउटसोर्स कर्मचारियों पर भी लागू रहेगा।प्रशासन का कहना है कि यूनिफॉर्म लागू करने का उद्देश्य दफ्तर में अनुशासन बनाए रखना, कर्मचारियों की पहचान आसान करना और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना है। साथ ही, चेतावनी दी गई है कि यदि कोई कर्मचारी ड्रेस कोड का पालन नहीं करता, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस फैसले को लेकर कर्मचारियों के बीच मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है, जहां कुछ इसे जरूरी कदम मान रहे हैं, वहीं कुछ इसे सख्ती भरा फैसला बता रहे हैं।