दैनिक खबरनामा । चण्डीगढ़, 28 जून : शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चंडीगढ़ पुलिस ने होटलों और धर्मशालाओं में विशेष जांच अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान ठहरने वाले मेहमानों के रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों की गहन पड़ताल की जा रही है। नियमों का पालन न करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने दड़वा स्थित होटल रायल प्लाजा की जांच की। निरीक्षण के दौरान होटल में ठहरे मेहमानों का रिकॉर्ड निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध नहीं पाया गया। इस पर पुलिस ने होटल मैनेजर अनुराग पांडे और लीज होल्डर सुभाष गुप्ता के खिलाफ बीएनएस की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया।
कार्रवाई के बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
इससे पहले कजहेड़ी स्थित होटल हिमाचल के मैनेजर के खिलाफ भी इसी प्रकार की कार्रवाई की गई थी। जांच में सामने आया था कि होटल में असम की एक महिला ठहरी हुई थी, लेकिन उसके ठहरने से संबंधित कोई रिकॉर्ड होटल प्रबंधन के पास मौजूद नहीं था। इस मामले में भी पुलिस ने केस दर्ज किया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, होटल हिमाचल का नाम उस मामले में भी सामने आया था जिसमें सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार केमिस्ट के कैशियर की हत्या के आरोपित वहां ठहरे थे। इसी घटना के बाद पुलिस ने शहर के होटलों और धर्मशालाओं में रिकॉर्ड सत्यापन अभियान को और तेज कर दिया।