दैनिक खबरनामा । चंडीगढ़, 28 जून : डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड से पुराना कचरा हटाने पर नगर निगम ने पिछले पांच वर्षों में 101 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए हैं। इस संबंध में विस्तृत जानकारी सोमवार को होने वाली नगर निगम की जनरल हाउस बैठक में रखी जाएगी।
अप्रैल में हुई बैठक के दौरान पार्षदों ने बायोरेमेडिएशन कार्य पर हुए खर्च का ब्यौरा मांगा था, जिसके जवाब में निगम ने यह आंकड़ा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया है।
नगर निगम के अनुसार, बायोरेमेडिएशन कार्य के लिए एम/एस एसएमबी लिमिटेड को 33.98 करोड़ रुपये, एम/एस आकांक्षा एंटरप्राइजेज को 64 करोड़ रुपये, एम/एस ब्रेथवेट बर्न एंड जेसप कंस्ट्रक्शन लिमिटेड को 2.11 करोड़ रुपये और एम/एस हिंदुस्तान स्टील वर्क्स कंस्ट्रक्शन लिमिटेड को 1.44 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
30 अप्रैल को हुई नगर निगम सदन की बैठक में इस मुद्दे पर जोरदार हंगामा हुआ था। आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने आरोप लगाया था कि डंपिंग ग्राउंड से कचरा हटाने के नाम पर 200 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन अभी भी बड़ी मात्रा में कचरा पड़ा हुआ है। पूर्व मेयर कुलदीप कुमार समेत आप पार्षदों ने पूरे मामले की जांच कराने और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की थी।