पंजाब 27 फरवरी 2026 (जगदीश कुमार) पंजाब के एस.ए.एस. नगर, 27 फरवरी 2026: अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) श्रीमती सोनम चौधरी ने आज जिला प्रशासनिक परिसर में खरड़, माजरी और डेराबस्सी के 52 नव-निर्वाचित ब्लॉक समिति सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी सदस्यों से आह्वान किया कि वे चुनावों के दौरान रही गुटबाजी को भुलाकर गांवों के विकास और जनकल्याण के लिए एकजुट होकर कार्य करें।
समारोह के दौरान सदस्यों ने संवैधानिक दायरे में रहकर ईमानदारी और निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ ली।
इस अवसर पर विधायक डेराबस्सी कुलजीत सिंह रंधावा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने नव-निर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि ब्लॉक समिति गांव स्तर पर विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सदस्यों से पार्टीबाजी से ऊपर उठकर शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे क्षेत्रों में बिना किसी भेदभाव के कार्य करने की अपील की।
उन्होंने विशेष रूप से महिला सदस्यों को अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए आगे बढ़कर नेतृत्व करने और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।अतिरिक्त उपायुक्त श्रीमती सोनम चौधरी ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने पारदर्शिता, जवाबदेही और टीम वर्क पर जोर देते हुए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की आवश्यकता बताई।उन्होंने नव-निर्वाचित सदस्यों से ग्रामीण बुनियादी ढांचा विकास, रोजगार सृजन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।इस अवसर पर डीडीपीओ मोहाली परमबीर कौर, बीडीपीओ खरड़ महिकमीत सिंह तथा बीडीपीओ माजरी राजविंदर सिंह भी उपस्थित रहे। अंत में नव-निर्वाचित सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया।