दैनिक खबरनामा | 6 अगस्त 2026, नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस घटनाक्रम को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया कंपनी मेटा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कंपनी केंद्र सरकार के प्रभाव में कार्य कर रही है।
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक होने से संबंधित एक स्क्रीनशॉट साझा किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि उन्हें मेटा की ओर से जानकारी दी गई है कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है, लेकिन इसके पीछे कोई कारण नहीं बताया गया। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में भेजे गए ईमेल का स्पष्ट जवाब भी उन्हें नहीं मिला।
अपने संदेश में केजरीवाल ने मेटा की आलोचना करते हुए लिखा, “आपने मेरा अकाउंट क्यों बंद किया है? आपके कार्यालय की ओर से मुझे बताया गया कि मेरा अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है। आखिर क्यों? इसकी कोई वजह नहीं बताई गई। इस संबंध में भेजे गए ईमेल का भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। यह बेहद खराब है। हमारे प्रधानमंत्री के आगे इतना भी मत झुको, वरना एक दिन वह तुम्हें भारत में सिर्फ उनका ही अकाउंट चलाने की अनुमति देंगे।”
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब अरविंद केजरीवाल लगातार ई20 पेट्रोल के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने इसी विषय को लेकर प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकालने का प्रयास भी किया था।
इससे एक दिन पहले, बुधवार को, केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार ने सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) पर दबाव बनाकर ई20 ईंधन से संबंधित एक रिपोर्ट वापस लेने के लिए मजबूर किया। हालांकि, उनके इन आरोपों पर केंद्र सरकार और SIAM की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल ने दावा किया कि 28 जुलाई को SIAM ने केंद्र सरकार को एक रिपोर्ट सौंपी थी। उनके अनुसार, रिपोर्ट में कहा गया था कि ई20 ईंधन में क्लोराइड और नमी की मात्रा अधिक होने के कारण वाहनों को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यह रिपोर्ट विस्तृत शोध के आधार पर तैयार की गई थी।
कुछ दिन पहले अरविंद केजरीवाल ने ई20 पेट्रोल के विरोध में करीब 100 समर्थकों के साथ प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च किया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने उन्हें फिरोजशाह मार्ग पर ही रोक दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगी और अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होने की अपील भी की।