दैनिक खबरनामा
17 जुलाई जालंधर: हरियाणा और चंडीगढ़ के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पंजाब के जालंधर पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 5,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने सिर पर हरी पगड़ी पहनकर जनसभा को संबोधित किया, जिसने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए राज्यसभा सांसद और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह भी मौजूद रहे। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की अनुपस्थिति राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी रही।
पंजाबी में संबोधन की शुरुआत, तेजा सिंह समुंद्री को श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत पंजाबी भाषा में करते हुए कहा, “अज्ज मैंनू पंजाब दी धरती, गुरुआं-पीरां दी धरती ते आ के मान महसूस हो रेहा है… पंजाबियों कैसे हो, चढ़दी कलां च ओ।” उन्होंने जालंधर में लोगों द्वारा चलाए गए ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह श्री गुरु रविदास जी के सामूहिक प्रयासों के संदेश को साकार करने वाला उदाहरण है। इस अवसर पर उन्होंने पंजाब के स्वतंत्रता सेनानी सरदार तेजा सिंह समुंद्री के 100वें शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
रेल और सड़क परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री ने दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे, अमृतसर-वाराणसी एक्सप्रेस ट्रेन, करतौली पंजाब-अंबाला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा तथा दौलतपुर चौक-करतौल पंजाब नई रेल लाइन सहित कई परियोजनाओं की शुरुआत की। इन योजनाओं से पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
ट्रेन रवाना करने से पहले प्रधानमंत्री ने स्कूली बच्चों से बातचीत की और ट्रेन में डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि नई रेल सेवा शुरू होने से गुरु रविदास के श्रद्धालुओं के लिए काशी की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम हो जाएगी। इसके अलावा उन्होंने दौलतपुर चौक-करतौली नई रेल लाइन, लुधियाना बाईपास और दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के नए सेक्शन का भी शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार न होने के बावजूद केंद्र की एनडीए सरकार पंजाब के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
रेलवे के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण का उल्लेख करते हुए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले केवल नई ट्रेनों की घोषणाएं होती थीं, जबकि रेलवे स्टेशनों के विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उनके अनुसार, जिन परियोजनाओं को दशकों पहले पूरा हो जाना चाहिए था, उन्हें अब गति दी जा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए रेलवे का आधुनिक और मजबूत होना आवश्यक है तथा इसी दिशा में देशभर के 1,300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का व्यापक आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
जींद और चंडीगढ़ में भी किए कार्यक्रम
जालंधर आने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन-पावर्ड यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद चंडीगढ़ में उन्होंने नए एमबीबीएस मेडिकल कॉलेज को मंजूरी देने के साथ 10 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। चंडीगढ़ के कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी मंच पर मौजूद रहे, जबकि जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, उनके शिलापट्ट पर श्री आनंदपुर साहिब से आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद मालविंदर कंग का नाम भी अंकित था।