दैनिक खबरनामा । जम्मू, 17 जून : जम्मू विकास प्राधिकरण (JDA) ने जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग से बुधवार तड़के जम्मू रेलवे स्टेशन के समीप अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया। अभियान के दौरान मंगल मार्केट और वैष्णवी धाम के पीछे स्थित लगभग चार कनाल भूमि पर बने 30 से अधिक अवैध खोखों, ढाबों और अन्य व्यावसायिक ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई बुधवार सुबह करीब पांच बजे शुरू की गई। JDA, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कर ली गई।
बताया जा रहा है कि इस भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दो व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से इस सरकारी जमीन पर वर्षों से अवैध कब्जा किया गया था। कब्जाधारियों ने अपने दावे को वैध ठहराने के लिए हाईकोर्ट का रुख भी किया था। हालांकि, सक्षम प्राधिकारी द्वारा की गई जांच में कब्जा पूरी तरह अवैध पाया गया। इसके बाद अदालत के निर्देशों और JDA के वाइस चेयरमैन डॉ. रूपेश कुमार के आदेश पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
स्थानीय खोखा और ढाबा संचालकों का कहना है कि वे पिछले करीब 13 वर्षों से यहां व्यवसाय कर रहे थे। उनका दावा है कि इससे पहले उन्हें मुख्य सड़क के किनारे से हटाकर इसी स्थान पर काम करने की अनुमति दी गई थी। कार्रवाई के बाद कई परिवारों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।
अभियान का नेतृत्व JDA के डायरेक्टर लैंड मैनेजमेंट गरबी राशिद ने किया। उन्होंने कहा कि शहर और उसके आसपास सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि JDA की पूर्व अनुमति के बिना किया गया कोई भी निर्माण अवैध माना जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, JDA के वाइस चेयरमैन डॉ. रूपेश कुमार ने कहा कि सरकारी भूमि सार्वजनिक संपत्ति है और इसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राधिकरण की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण न करने और सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।