दैनिक खबरनामा। श्रीनगर, 9 जून: जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने कश्मीर संभाग में कार्यरत पीएम पैकेज कर्मचारियों को जुलाई माह तक सभी उपलब्ध ट्रांजिट फ्लैट आवंटित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पात्र कर्मचारियों को आवासीय सुविधाओं का लाभ बिना किसी देरी के मिलना चाहिए।
श्रीनगर में आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने पीएम पैकेज कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में ट्रांजिट आवासों की स्थिति, कर्मचारियों की पदोन्नति, वरिष्ठता सूची, अंतर-जिला तबादले, पुनर्वास उपायों तथा विस्थापित समुदायों के कल्याण संबंधी मामलों पर चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और राहत आयुक्त ने भी भाग लिया।
मुख्य सचिव ने कश्मीर के विभिन्न जिलों में पीएम पैकेज कर्मचारियों के लिए निर्मित ट्रांजिट कॉलोनियों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन फ्लैटों के साथ-साथ बिजली, पेयजल, आंतरिक सड़कें, बाउंड्री वॉल और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) जैसी आधारभूत सुविधाओं के कार्यों की भी समीक्षा की। इसके अलावा जम्मू स्थित प्रवासी कॉलोनियों और ट्रांजिट आवासों के संचालन एवं रखरखाव की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बताया गया कि जम्मू के पुरखू क्षेत्र में अतिरिक्त आवासीय सुविधाओं के विस्तार के लिए भूमि की पहचान की जा चुकी है। विस्थापित समुदायों के पुनर्वास और कल्याण से जुड़े मामलों, पुनर्वास सहायता योजना के लंबित प्रकरणों के निपटारे, प्रवासी कॉलोनियों के रखरखाव के लिए बजटीय सहायता तथा कश्मीरी पंडितों, पश्चिम पाकिस्तान शरणार्थियों और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) से विस्थापित परिवारों के रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण के लिए एकीकृत ऑनलाइन पोर्टल विकसित करने पर भी चर्चा हुई।
सुकेतर भवन का निर्माण 50 प्रतिशत पूरा
प्रमुख सचिव चंद्राकर भारती ने जानकारी दी कि जम्मू-कश्मीर में प्रवासी कॉलोनियों के संचालन एवं रखरखाव के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इस पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सुकेतर स्थित गुलाम कश्मीर भवन का निर्माण लगभग 50 प्रतिशत पूरा हो चुका है और इसे अगले वर्ष जनवरी तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, जगती स्थित सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
6,000 में से 4,648 ट्रांजिट फ्लैट तैयार
राहत आयुक्त डॉ. अरविंद करवानी ने बताया कि पीएम पैकेज कर्मचारियों के लिए स्वीकृत 6,000 ट्रांजिट फ्लैटों में से 4,648 फ्लैटों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 1,352 फ्लैटों का निर्माण कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि अब तक 3,257 पात्र कर्मचारियों को ट्रांजिट फ्लैट आवंटित किए जा चुके हैं। इनमें मार्च में हुई पिछली समीक्षा बैठक के बाद किए गए 532 नए आवंटन भी शामिल हैं।
बैठक के अंत में मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार विस्थापित समुदायों के सम्मानजनक पुनर्वास, कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं के समयबद्ध समाधान और बेहतर जीवन-यापन की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने और पीएम पैकेज कर्मचारियों तथा प्रवासी परिवारों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।