दैनिक खबरनामा । बैजनाथ, 2 जुलाई: कांगड़ा घाटी रेल मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने बड़ी राहत दी है. मंडल ने शुक्रवार को साप्ताहिक मेंटेनेंस की वजह से बंद रखी जाने वाली नैरो गेज रेल सेवाओं को तत्काल प्रभाव से फिर शुरू करने का फैसला किया है. यह निर्णय मंडल रेल प्रबंधक, जम्मू के आदेश पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए लिया गया.
इन ट्रेनों का संचालन शुरू
रेलवे के मुताबिक अब ट्रेन संख्या 52465, 52467, 52470, 52472, 52473, 52474, 52464 और 52469 शुक्रवार को भी तय समय-सारिणी के अनुसार चलेंगी. इन ट्रेनों के दोबारा शुरू होने से कांगड़ा घाटी आने वाले पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों का आवागमन भी पहले की तरह सामान्य हो जाएगा.
प्रशासन का स्पष्टीकरण
रेल प्रशासन ने साफ किया कि शुक्रवार को सिर्फ वही नैरो गेज ट्रेनें चलाई जाएंगी जो पहले साप्ताहिक रखरखाव के चलते स्थगित थीं. बाकी ट्रेनों के संचालन में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
यात्रा से पहले स्थिति जरूर जांचें
जम्मू मंडल के जनसंपर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी रेलवे हेल्पलाइन 139, NTES वेबसाइट या मोबाइल ऐप से ले लें. इससे किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सकेगा.