पंजाबी 11 मार्च 2026 ( दैनिक खबरनामा) पंजाब के कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्ट्री (RCF) में बुधवार को एक नव निर्मित MEMU रेक टेस्टिंग के दौरान अनियंत्रित हो गया, जिससे उसका ड्राइविंग मोटर कोच (DMC) पटरी से उतर गया। इस हादसे में करोड़ों रुपए की रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचा, हालांकि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय वहां से गुजर रही एक कार भी बाल-बाल बच गई।
जानकारी के मुताबिक, तकनीकी लापरवाही के चलते रेक अनियंत्रित होकर कोच कंप्लीशन शॉप से निकलते हुए रास्ते में लगे दो भारी लोहे के गेट तोड़ता हुआ आगे बढ़ गया और जोरदार टक्कर के बाद पटरी से उतर गया।घटना के बाद RCF एम्प्लॉइज यूनियन ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यूनियन के अध्यक्ष अमरीक सिंह और महासचिव सर्वजीत सिंह ने कहा कि आउटसोर्सिंग और निजीकरण की नीतियां इस हादसे की मुख्य वजह हैं। उनका आरोप है कि संवेदनशील तकनीकी कार्यों में अप्रशिक्षित ठेका कर्मचारियों को लगाया जा रहा है।RCF के सीपीआरओ अमन कुमार ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं यूनियन ने जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई और आउटसोर्सिंग बंद करने की मांग की है।