दैनिक खबरनामा । लखनऊ, 22 जून: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित सेक्टर-डी में सोमवार दोपहर एक निजी कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग से बचने के लिए कई छात्रों को इमारत से नीचे कूदना पड़ा। वहीं कुछ लोगों के अभी भी अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के साथ-साथ बचाव अभियान शुरू कर दिया। रेस्क्यू ऑपरेशन में करीब एक दर्जन फायर टेंडर और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए हैं।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने के समय कोचिंग सेंटर में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। आग फैलने के बाद कई छात्र जान बचाने के लिए इमारत से नीचे कूदते दिखाई दिए। घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
जिलाधिकारी विशाख जी., एडीसीपी उत्तरी ट्विंकल जैन सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों को खाली करा लिया गया है और क्षेत्र में यातायात को डायवर्ट कर दिया गया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है। बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।