दैनिक ख़बरनामा चंडीगढ़, 26 मई 2026: चंडीगढ़ प्रशासन की पारदर्शी, उत्तरदायी एवं जन-केंद्रित शासन व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने आज मलोया के निवासियों के लिए समाधान शिविर आयोजित किया।
चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा आयोजित यह तीसरा समाधान शिविर था, जिसमें महापौर श्री सौरभ जोशी, यू.टी. चंडीगढ़ के मुख्य सचिव श्री एच. राजेश प्रसाद, पंजाब के राज्यपाल के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विवेक प्रताप सिंह, वित्त सचिव श्री दीपर्वा लाकड़ा, पुलिस महानिदेशक डॉ. सागर प्रीत हुड्डा, उपायुक्त श्री निशांत कुमार यादव सहित प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
शिकायत निवारण शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की टीमों ने निवासियों से कुल 84 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त किए। शिविर स्थल पर प्राप्त सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण कर उन्हें आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध समाधान हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया।
निवासियों ने स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, बिजली, सड़कें, स्ट्रीट लाइट, आवास, सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, सीवरेज, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़े कई मुद्दे उठाए। मलोया की पंजाब सीमा से निकटता को देखते हुए शिक्षा, खेल अवसंरचना, स्वच्छता, सुरक्षा एवं नशा मुक्ति से संबंधित विषय भी प्रमुखता से सामने आए। निवासियों ने क्षेत्र में बेहतर संपर्क एवं आवागमन को सुगम बनाने के लिए वैकल्पिक मार्ग की मांग भी उठाई, साथ ही बकाया किराये पर अधिक ब्याज देनदारी से जुड़ी चिंताएं भी व्यक्त कीं।
संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही शिकायतों एवं प्रश्नों का उत्तर देते हुए निवासियों को उठाए गए मुद्दों के समाधान हेतु की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। कई मामलों का तुरंत निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों को त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया। प्रशासक ने अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध निपटारे के निर्देश देते हुए जवाबदेही, नियमित निगरानी एवं विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया।
निवासियों को संबोधित करते हुए श्री गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि विद्यार्थियों के प्रदर्शन का नियमित मूल्यांकन सीबीएसई परीक्षा परिणामों के माध्यम से किया जा रहा है तथा उन्होंने सरकारी स्कूलों के बेहतर होते स्तर पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि चंडीगढ़ प्रशासन मलोया के सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं के साथ-साथ खेल मैदानों एवं खेल अवसंरचना को और सुदृढ़ करेगा। खेल सुविधाओं से संबंधित प्रश्नों पर उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में योग्य खिलाड़ियों को लगभग 31 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता वितरित की गई है।
शिविर के दौरान प्रशासक ने कहा कि पूर्व में आयोजित समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि दादूमाजरा समाधान शिविर में प्राप्त 82 शिकायतों में से 61 का निस्तारण किया जा चुका है, 16 मामलों पर कार्रवाई जारी है, जबकि 5 मामले दीर्घकालिक नीतिगत विषयों से संबंधित हैं। इसी प्रकार, हल्लोमाजरा समाधान शिविर में प्राप्त 54 शिकायतों में से 24 का समाधान किया जा चुका है, 14 मामलों पर कार्य प्रगति पर है तथा लगभग 5–6 मामले नीतिगत प्रकृति के हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है।
संवाद के दौरान निवासियों ने चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (CHB) के आवासों से संबंधित मुद्दे भी उठाए, जिनमें अतिरिक्त निर्माण/परिवर्तनों पर जारी नोटिस तथा लंबित बकाया शामिल थे। इस पर मुख्य सचिव ने बताया कि चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने यू.टी. चंडीगढ़ के माननीय प्रशासक की स्वीकृति से ऐसे परिवर्तनों के नियमितीकरण के विषय की जांच के लिए हाल ही में एक समिति गठित की है। उन्होंने यह भी कहा कि समिति की सिफारिशों को अंतिम रूप दिए जाने तक जारी नोटिसों के आधार पर ध्वस्तीकरण कार्रवाई स्थगित रखी गई है।
प्रशासन की जनसंपर्क आधारित कार्यशैली पर बल देते हुए श्री कटारिया ने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन नागरिकों तक शासन को पहुंचाने तथा जनता के साथ प्रत्यक्ष संवाद को और अधिक मजबूत करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।