दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 16 जुलाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस शुक्रवार को चंडीगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। उनके कार्यक्रम को देखते हुए शहर की सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर बढ़ा दिया गया है।
पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज, यानी पीईसी में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के कारण राजेंद्र पार्क से लेकर पीईसी तक करीब 2 किलोमीटर के दायरे को हाई सिक्योरिटी जोन घोषित किया गया है। इस पूरे क्षेत्र में लगभग 3000 जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस महकमे के सभी अफसरों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद मोर्चा संभाले हुए हैं और केंद्रीय एजेंसियों के साथ तालमेल कर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और यूटी के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया भी चंडीगढ़ पहुंचे।
जिला प्रशासन और अन्य विभागों ने भी सुरक्षा के साथ-साथ ट्रैफिक, पार्किंग, आपातकालीन सेवाओं और प्रोटोकॉल को लेकर बैठक कर सभी को जरूरी निर्देश दिए हैं।
इन रास्तों पर रहेगा असर
प्रधानमंत्री के काफिले की आवाजाही के चलते नयागांव बैरियर से पीईसी लाइट पॉइंट और सेक्टर-2, 3, 10, 11 के चौक तक ट्रैफिक को बदला जाएगा या रोका जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहर 3 बजे तक इस मार्ग पर सफर करने से बचें।
कार्यक्रम में सख्त नियम
पीईसी में होने वाला कार्यक्रम दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा। लोगों के प्रवेश की शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी। आयोजन स्थल के अंदर पानी की बोतल समेत किसी भी तरह का सामान ले जाने पर रोक रहेगी। हर आगंतुक की अनिवार्य जांच के बाद ही एंट्री दी जाएगी।