
दैनिक खबरनामा| फिरोजपुर, 18 जून 2026. पंजाब को नशामुक्त और सुरक्षित राज्य बनाने के अभियान के तहत फिरोजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी से जुड़े दो अलग-अलग मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5.775 किलोग्राम हेरोइन, 1.33 लाख प्रतिबंधित नशीली गोलियां और कैप्सूल, 39 जिंदा कारतूस तथा 36,600 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों की एक मारुति स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखा भेड़ियां निवासी 24 वर्षीय मनजिंदर सिंह, मल्लांवाला निवासी 22 वर्षीय जगजीत सिंह तथा ममदोट उत्तर निवासी 55 वर्षीय गुरदेव सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और पूरे नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
फिरोजपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भूपिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि पहली कार्रवाई के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि मनजिंदर सिंह और जगजीत सिंह नशा तस्करी में सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दाना मंडी बस्ती वकीला वाली के निकट उनकी स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें 5.775 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।
एक अन्य अभियान में पुलिस को जानकारी मिली कि ममदोट गांव में गुरदेव सिंह अपने मेडिकल स्टोर के माध्यम से प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री कर रहा है। ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने दुकान से 1 लाख 33 हजार 640 प्रतिबंधित गोलियां और कैप्सूल, 36,600 रुपये नकद तथा केएफ 7.65 बोर के 39 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके बाद आरोपी गुरदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और गिरफ्तारियां तथा अतिरिक्त बरामदगी होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए हर पहलू की गहन जांच कर रही है।
इस संबंध में थाना आरिफ के और थाना ममदोट में एनडीपीएस एक्ट, भारतीय न्याय संहिता तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।