दैनिक खबरनामा| चंडीगढ़, 18 जून 2026. पंजाब सरकार की ‘भगवंत मान सरकार, तुहाडे द्वार’ पहल के तहत शुरू की गई 1076 हेल्पलाइन और डोरस्टेप डिलीवरी प्रणाली ने नागरिक सेवाओं की व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाते हुए शासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित बनाया है। इस तकनीक आधारित प्रणाली के माध्यम से अब तक 3.10 लाख से अधिक सरकारी सेवाएं सीधे लोगों के घरों तक पहुंचाई जा चुकी हैं, जबकि लंबित मामलों की दर घटकर महज 0.33 प्रतिशत रह गई है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब नागरिक 1076 हेल्पलाइन, व्हाट्सएप, ऑनलाइन पोर्टल या सेवा केंद्रों के माध्यम से 437 सेवाओं के लिए अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। इसके बाद प्रशिक्षित डोरस्टेप डिलीवरी ऑपरेटर घर पहुंचकर दस्तावेज एकत्र करते हैं, आवेदन भरने में सहायता करते हैं और पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी करवाते हैं, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
इस पहल का सबसे अधिक लाभ वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, किसानों, महिलाओं और कामकाजी लोगों को मिला है। योजना शुरू होने के बाद से अब तक 4.18 लाख से अधिक अपॉइंटमेंट दर्ज किए जा चुके हैं और प्रमाणपत्र तथा अन्य दस्तावेज एसएमएस, व्हाट्सएप और घर पर भौतिक डिलीवरी के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
डिजिटल व्यवस्था के कारण सत्यापन प्रक्रिया भी अधिक सरल और पारदर्शी हुई है। पटवारी, नंबरदार, सरपंच, नगर पार्षद और विभागीय अधिकारी अब ऑनलाइन माध्यम से सत्यापन कर रहे हैं, जिससे कागजी कार्यवाही और कार्यालयों के चक्कर कम हुए हैं। इसके साथ ही ‘फॉर्मलेस सेवाओं’ की शुरुआत से नागरिकों को लंबे आवेदन-पत्र भरने की आवश्यकता भी नहीं रह गई है और पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से स्वतः संचालित हो रही है।
सुशासन एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि तकनीक शासन का विकल्प नहीं बल्कि पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि रियल-टाइम ट्रैकिंग और डिजिटल निगरानी के कारण सेवा वितरण अधिक तेज और नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप हुआ है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को सामान्य सेवाओं के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सत्यापन और डिजिटल रिकॉर्ड प्रणाली के चलते देरी और बिचौलियों की भूमिका लगातार कम हो रही है, जिससे पंजाब में शासन व्यवस्था अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनती जा रही है।