दैनिक खबरनामा 23 अप्रैल 2026 पंजाब के अबोहर में एक महिला की आत्महत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। सुंदर नगरी गली नंबर-6 निवासी सुमन मोंगा ने हनुमानगढ़ रोड स्थित नहर में कूदकर जान दे दी थी। अब इस मामले में मृतका के बेटे के बयान पर पुलिस ने उसकी पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।थाना नंबर-2 की पुलिस के अनुसार, मृतका के बेटे रोहित मोंगा ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी आईना और उसके मायके वाले सुमन मोंगा को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। इसी उत्पीड़न से परेशान होकर महिला ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
रोहित ने बताया कि उसकी शादी करीब ढाई साल पहले हुई थी और हाल ही में उनके घर बेटी का जन्म हुआ था। लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही उसकी पत्नी का उसकी मां के साथ विवाद रहने लगा था। वह उसे मां से अलग रहने का दबाव डालती थी और अक्सर घर में झगड़ा करती थी।घटना वाले दिन भी सुमन मोंगा ने अपनी बहू को एक ऑडियो मैसेज भेजा और इसके बाद नहर में कूद गईं। बेटे का आरोप है कि घटना के बाद उसकी पत्नी घर से सोना लेकर फरार हो गई।पुलिस ने मामले की जांच के बाद पत्नी आईना, उसके पिता संजीव कुमार, मां पूनम रानी, भाई कुणाल और बुआ निंदिया कोहली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।