दैनिक खबरनामा।श्रीनगर, 6 जून 2026: जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के बठोई क्षेत्र में गुरुवार को बादल फटने की घटना से कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। घटना की जानकारी मिलते ही उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जिला प्रशासन से संपर्क कर हालात का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी अपने संदेश में बताया कि उन्होंने रियासी के उपायुक्त से बातचीत कर जमीनी स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि बादल फटने से कई घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
उपराज्यपाल ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों तक तुरंत राहत सामग्री और आवश्यक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नुकसान का विस्तृत आकलन कर प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने को कहा है।
प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।