दैनिक खबरनामा लुधियाना 25 मई 2026 : पंजाब के लुधियाना शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ और शहर की मेयर इंद्रजीत कौर के घर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सामने आई। यह धमकी नगर निगम कमिश्नर की सरकारी ईमेल आईडी पर भेजी गई बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7:28 बजे आए ईमेल में मेयर के घर और दिलजीत दोसांझ के पैतृक गांव स्थित घर को निशाना बनाने की बात कही गई। मेल में अलग-अलग समय का जिक्र करते हुए धमाके की चेतावनी दी गई है। साथ ही 1984 के सिख दंगों का हवाला देते हुए भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया गया।
ईमेल भेजने वालों ने खुद को कथित तौर पर “खालिस्तान नेशनल आर्मी” से जुड़ा बताया है। मेल के अंत में दो व्यक्तियों के नाम भी लिखे गए हैं। हालांकि पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
धमकी मिलने के बाद पुलिस, साइबर सेल और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गई हैं। ईमेल भेजने वाले का आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी जानकारियां खंगाली जा रही हैं। वहीं मेयर कार्यालय सहित कई अहम स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और हर पहलू से जांच जारी है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सतर्क हैं।