दैनिक खबरनामा। श्रीनगर, 16 जुलाई: नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 20 जुलाई को प्रस्तावित दिल्ली मार्च को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को कहा कि आंदोलन की तारीख और उसका मकसद तय है, इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। हां, हालात के हिसाब से प्रदर्शन की जगह या उसका प्रारूप बदला जा सकता है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी का दिल्ली पहुंचकर अपनी बात रखने का फैसला पक्का है।
“हमारा इरादा छुपकर कोई काम करने का नहीं है। हम डंके की चोट पर दिल्ली जाएंगे और वहां लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाएंगे,” उमर अब्दुल्ला ने कहा।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, विरोध के तरीकों में लचीलापन संभव है, लेकिन दिल्ली जाने की प्रतिबद्धता अडिग है।
जब उनसे पूछा गया कि मार्च से ठीक पहले अन्य दलों के कार्यक्रमों की घोषणा को क्या वह आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश मानते हैं, तो उन्होंने सीधे जवाब देने से बचते हुए कहा कि वह इस तरह की अटकलों में नहीं पड़ना चाहते। न तो इसे साजिश करार देंगे और न ही ध्यान भटकाने की चाल।
उमर अब्दुल्ला ने दोहराया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस इस मार्च को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी।
“अगर हमें चुपचाप करना होता तो इसे घर के भीतर भी किया जा सकता था। मगर हमारा उद्देश्य सार्वजनिक और संवैधानिक दायरे में दिल्ली जाकर अपनी मांग रखना है। हम हर सूरत में दिल्ली जाएंगे, वहां अपनी बात रखेंगे और उसके बाद आंदोलन की अगली रूपरेखा तय करेंगे,” उन्होंने कहा।