दैनिक ख़बरनामा 10 मई 2026 अंबाला हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में पंचायत उपचुनाव को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। गांव बोडा में सरपंच पद और सरस्वती खेड़ा में वार्ड नंबर-6 के पंच पद के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। दोपहर एक बजे तक करीब 50 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।गांव बोडा में सरपंच पद के लिए अमीर चंद और गुरदेव आमने-सामने हैं। दोनों प्रत्याशी गांव के विकास के मुद्दे पर अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। इससे पहले यहां रामचंद्र सरपंच थे, जिन्हें डीएमसी विवाद के चलते पद से हटाया गया था। खाली हुए पद पर आज चुनाव कराया जा रहा है। मतदान के लिए गांव के स्कूल में केंद्र बनाया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।बोडा गांव में कुल 863 मतदाता हैं, जिनमें से दोपहर एक बजे तक 380 से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। वहीं सरस्वती खेड़ा में वार्ड नंबर-6 के पंच पद के लिए भी दो उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।उधर, अंबाला में भी मतदान प्रक्रिया जारी है। दोपहर 12:30 बजे तक करीब 25 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। जिले में कुल 1,98,224 मतदाताओं में से 49,645 मतदाता मतदान कर चुके हैं। प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।