दैनिक खबरनामा चंडीगढ़, 29 मई : पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब भर में हुए नगर निगम चुनावों के दौरान सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी पर सत्ता और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद मजबूती से चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सराहना की।
राजा वड़िंग ने कहा कि नगर निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी ने “साम, दाम, दंड, भेद” की नीति अपनाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों के दौरान सरकारी मशीनरी और पुलिस प्रशासन का बड़े स्तर पर दुरुपयोग किया गया तथा विपक्षी कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने की कोशिशें की गईं।
उन्होंने कहा कि इन चुनाव परिणामों को पंजाब की वास्तविक जनभावना का प्रतिबिंब नहीं माना जा सकता, क्योंकि प्रदेश की जनता पूरी तरह से सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ है। वड़िंग ने दावा किया कि असली राजनीतिक मुकाबला वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में देखने को मिलेगा और उस समय आम आदमी पार्टी का पूरी तरह सफाया हो जाएगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तमाम प्रशासनिक दबाव और संसाधनों के इस्तेमाल के बावजूद आम आदमी पार्टी कुल वार्डों के आधे आंकड़े को भी पार नहीं कर सकी। उन्होंने इसे जनता के बढ़ते असंतोष का संकेत बताया।
राजा वड़िंग ने दोहराया कि 2027 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी। उन्होंने कहा, “मैं फिर दोहराता हूं कि 2027 में आप 10 सीटें भी नहीं जीत सकेगी।”
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी भले ही नगर निगम चुनावों की “चोरी की जीत” का जश्न मना रही हो, लेकिन यह जश्न ज्यादा समय तक नहीं चलेगा। वड़िंग ने तंज कसते हुए कहा कि इस जीत की मियाद फरवरी 2027 तक ही सीमित है।