दैनिक खबरनामा।नई दिल्ली, 6 जून : NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर फैल रही कथित पेपर लीक और प्रश्नपत्र बिक्री की खबरों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि री-एग्जाम का प्रश्नपत्र लीक होने या बिक्री के लिए उपलब्ध होने संबंधी सभी दावे निराधार और भ्रामक हैं।
एनटीए ने जारी आधिकारिक बयान में कहा कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से छात्रों को गुमराह कर आर्थिक लाभ कमाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे फर्जी दावों का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है और अभ्यर्थियों को इन पर विश्वास नहीं करना चाहिए।
फर्जी दावों पर एजेंसियों की नजर
एनटीए के अनुसार परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। एजेंसी लगातार सोशल मीडिया अकाउंट्स, टेलीग्राम चैनलों और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की निगरानी कर रही है, जहां परीक्षा से जुड़ी गलत जानकारी प्रसारित की जा रही है।
एजेंसी ने बताया कि ऐसे मामलों की सूचना साइबर अपराध जांच एजेंसियों और संबंधित प्लेटफॉर्म्स को दी जा रही है, ताकि भ्रामक सामग्री को हटाकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।
छात्रों और अभिभावकों के लिए विशेष चेतावनी
एनटीए ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी कथित लीक पेपर, व्हाट्सएप संदेश, टेलीग्राम पोस्ट या अन्य संदिग्ध स्रोतों से प्राप्त सामग्री पर भरोसा न करें। एजेंसी ने चेतावनी दी कि ऐसे झांसे में आकर धनराशि का भुगतान करना न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचा सकता है, बल्कि कानूनी समस्याएं भी खड़ी कर सकता है।
बयान में कहा गया है कि परीक्षा से संबंधित फर्जी दस्तावेज तैयार करना, उनका प्रसार करना या छात्रों को धोखा देने का प्रयास करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है, जिसके लिए सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
21 जून को होगी पुनर्परीक्षा
उल्लेखनीय है कि NEET-UG 2026 की मूल परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी। पेपर लीक के आरोपों के बाद मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया था। इसके बाद एनटीए ने 12 मई को परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया, जिससे 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी प्रभावित हुए।
पेपर लीक मामले की जांच फिलहाल सीबीआई (Central Bureau of Investigation) द्वारा की जा रही है। जांच एजेंसियों ने अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इस बीच, देशभर के लाखों विद्यार्थी 21 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं। एनटीए ने भरोसा दिलाया है कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता के साथ आयोजित की जाएगी, ताकि सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।