दैनिक खबरनामा। नई दिल्ली, 11 जून: दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल महाकुंभ फीफा विश्व कप 2026 का इंतजार आखिरकार खत्म होने जा रहा है। आज रात मैक्सिको सिटी स्टेडियम में मेजबान मैक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच उद्घाटन मुकाबले के साथ टूर्नामेंट का शानदार आगाज होगा। भारत समेत दुनियाभर के करोड़ों फुटबॉल प्रशंसक इस वैश्विक आयोजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
प्रसारण अधिकारों को लेकर लंबे समय तक चली अनिश्चितता के बाद जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज ने अगले आठ वर्षों के लिए भारत में फीफा विश्व कप के मीडिया अधिकार हासिल कर लिए हैं। इसके तहत सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 और कंपनी के स्पोर्ट्स चैनलों पर किया जाएगा। वहीं, दूरदर्शन का डीडी स्पोर्ट्स भी चुनिंदा मुकाबलों का मुफ्त प्रसारण करेगा।
उद्घाटन मैच और शुरुआती मुकाबलों का कार्यक्रम
फीफा विश्व कप 2026 का पहला मैच 12 जून को भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे मैक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। इसके बाद दक्षिण कोरिया और चेकिया की टीमें शुक्रवार सुबह 7:30 बजे आमने-सामने होंगी।
13 जून को कनाडा और बोस्निया-हर्जेगोविना के बीच मुकाबला रात 12:30 बजे खेला जाएगा, जबकि अमेरिका और पराग्वे के बीच मैच सुबह 6:30 बजे शुरू होगा।
14 जून को कतर और स्विट्जरलैंड के बीच मुकाबला रात 12:30 बजे होगा। इसके अलावा ब्राजील-मोरक्को, हैती-स्कॉटलैंड, ऑस्ट्रेलिया-तुर्की और जर्मनी-कुराकाओ के बीच भी रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
टूर्नामेंट का पहला क्वार्टर फाइनल 10 जुलाई को खेला जाएगा। दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 15 और 16 जुलाई को निर्धारित हैं, जबकि विश्व चैंपियन का फैसला 19 जुलाई को खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में होगा, जो भारतीय समयानुसार 20 जुलाई की रात 12:30 बजे शुरू होगा।
भारत में कहां देखें लाइव मैच
ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रसारण
भारत में फीफा विश्व कप 2026 के सभी मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग जी5 ऐप और उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। दर्शक स्मार्टफोन, टैबलेट, स्मार्ट टीवी, लैपटॉप और डेस्कटॉप के जरिए मैचों का आनंद ले सकेंगे।
जी5 ने विश्व कप के लिए विशेष सदस्यता पैक भी लॉन्च किए हैं। दर्शक 799 रुपये में तीन महीने का पैक और 1,699 रुपये में वार्षिक पैक खरीद सकते हैं। इन पैक्स के साथ उपयोगकर्ताओं को विश्व कप मैचों के अलावा अन्य मनोरंजन सामग्री का भी लाभ मिलेगा।
टीवी पर लाइव प्रसारण
फीफा विश्व कप 2026 के मुकाबलों का सीधा प्रसारण यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1, यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 1 एचडी, यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 2 और यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 2 एचडी चैनलों पर किया जाएगा। दर्शकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके डीटीएच पैकेज में इनमें से कोई चैनल शामिल हो।
इसके अलावा डीडी स्पोर्ट्स पर उद्घाटन मुकाबले के साथ सभी क्वार्टर फाइनल, दोनों सेमीफाइनल और फाइनल मैच का भी मुफ्त प्रसारण किया जाएगा, जिससे करोड़ों दर्शक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के टूर्नामेंट का रोमांच देख सकेंगे।