दैनिक खबरनामा। तेहरान, 9 जून : फीफा विश्व कप शुरू होने से कुछ दिन पहले ईरान फुटबॉल महासंघ ने दावा किया है कि उसे आवंटित किए गए मैच टिकट वापस ले लिए गए हैं, जिससे उन हजारों प्रशंसकों को निराशा का सामना करना पड़ रहा है जिन्होंने पहले ही अपनी यात्रा की योजनाएं बना ली थीं।
विश्व कप का आगाज 12 जून से होने जा रहा है। ईरान को ग्रुप-जी में अपने पहले दो मुकाबले लॉस एंजिलिस में खेलने हैं। टीम 15 जून को न्यूजीलैंड और 21 जून को बेल्जियम से भिड़ेगी, जबकि 26 जून को सिएटल में उसका सामना मिस्र से होगा।
मंगलवार को जारी एक बयान में ईरान फुटबॉल महासंघ (एफएफआईआरआई) ने कहा कि उसने प्रशंसकों के लिए टिकट बिक्री की प्रक्रिया शुरू कर दी थी, लेकिन अब वह उन्हें टिकट उपलब्ध कराने की स्थिति में नहीं है।
महासंघ ने कहा कि बड़ी संख्या में ईरानी फुटबॉल प्रेमियों ने आधिकारिक प्रक्रिया पर भरोसा करते हुए पहले ही यात्रा, आवास और अन्य व्यवस्थाएं कर ली थीं। ऐसे में टिकट आवंटन वापस लिया जाना उनके लिए बड़ा झटका है।
एफएफआईआरआई ने अपने बयान में कहा कि ईरानी समर्थकों को उनके वैध और आधिकारिक टिकट कोटे से वंचित करना अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की भावना और सभी भाग लेने वाले देशों के लिए समानता के सिद्धांत के विपरीत है।
महासंघ ने यह भी आरोप लगाया कि यह घटनाक्रम विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े आयोजन के संचालन में खेल से इतर और राजनीतिक विचारों के हस्तक्षेप को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
नियमों के अनुसार विश्व कप में भाग लेने वाले प्रत्येक राष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ को उसके हर मैच के लिए कुल टिकटों का लगभग आठ प्रतिशत हिस्सा आवंटित किया जाता है, जिसे वह अपने प्रशंसकों के बीच तय मानदंडों के अनुसार वितरित करता है।
हालांकि, टिकट आवंटन वापस लिए जाने के कारणों को लेकर आयोजकों की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस मुद्दे ने विश्व कप शुरू होने से पहले एक नया विवाद खड़ा कर दिया है, जबकि ईरानी प्रशंसक अब अपनी टीम का समर्थन करने के अवसर को लेकर अनिश्चितता में हैं।