दैनिक खबरनामा। ऊधमपुर, 12 जूम: जम्मू संभाग के प्रमुख जिला ऊधमपुर को हवाई सेवा से जोड़ने का वर्षों पुराना सपना अब साकार होने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने ऊधमपुर एयरपोर्ट पर अंतरिम टर्मिनल भवन और अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए 30.24 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। इस कदम से जिले में नागरिक हवाई सेवाएं शुरू होने की उम्मीदों को नई ऊर्जा मिली है।
एएआई के जम्मू कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार परियोजना के तहत अंतरिम टर्मिनल भवन के साथ एयरपोर्ट संचालन से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं का विकास किया जाएगा। निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए सात माह की समयसीमा निर्धारित की गई है, जिसमें एक माह का वर्षाकाल भी शामिल है। निर्माण पूरा होने के बाद परियोजना पर दो वर्ष की डिफेक्ट लाइबिलिटी अवधि लागू रहेगी। टेंडर प्रक्रिया के तहत इच्छुक एजेंसियां 29 जून तक अपनी बोलियां जमा कर सकेंगी, जबकि तकनीकी बोलियां 10 जुलाई को खोली जाएंगी। इसके बाद चयनित एजेंसी निर्माण कार्य शुरू करेगी।
वर्षों पुरानी मांग को मिली नई गति
सामरिक और भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण ऊधमपुर लंबे समय से नागरिक हवाई सेवाओं की मांग करता रहा है। यहां भारतीय सेना की उत्तरी कमान का मुख्यालय स्थित है और यह जिला चिनाब घाटी, कटड़ा, पत्नीटाप तथा आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों का प्रमुख संपर्क केंद्र है। स्थानीय नागरिकों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा लंबे समय से एयर कनेक्टिविटी की मांग उठाई जाती रही है।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
प्रस्तावित अंतरिम टर्मिनल भवन में यात्रियों के आगमन और प्रस्थान के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें प्रतीक्षालय, टिकटिंग एवं चेक-इन काउंटर, सुरक्षा जांच क्षेत्र, प्रशासनिक कक्ष, बिजली और जलापूर्ति व्यवस्था सहित एयरपोर्ट संचालन से जुड़ी अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल होंगी। साथ ही सहायक बुनियादी ढांचे का भी निर्माण किया जाएगा।
पर्यटन और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
एयरपोर्ट के शुरू होने से ऊधमपुर के साथ-साथ चिनाब घाटी और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों को भी बड़ा लाभ मिलने की संभावना है। पत्नीटाप, सुद्धमहादेव, मानतलाई और पंचैरी जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच अधिक आसान होगी। इसके अलावा व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। हवाई संपर्क मिलने से आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और प्रशासनिक कार्यों को भी गति मिलेगी।
विकास की नई उड़ान
सड़क और रेल संपर्क के बाद हवाई संपर्क जुड़ने से ऊधमपुर की क्षेत्रीय महत्वता और मजबूत होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि एयरपोर्ट परियोजना जिले के आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन विकास में मील का पत्थर साबित हो सकती है। यदि निर्माण कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरा हो जाता है, तो आने वाले महीनों में ऊधमपुर से नियमित नागरिक उड़ानों का संचालन शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।