दैनिक खबरनामा। शिमला, 13 जून: हिमाचल प्रदेश में स्कूली शिक्षा को अधिक समग्र और प्रभावी बनाने की दिशा में एक नई पहल शुरू की गई है। समग्र शिक्षा विभाग अब विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दे रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश के पीएम श्री विद्यालयों में ओपन जिम स्थापित किए जा रहे हैं।
पहले चरण में राज्य के 74 पीएम श्री विद्यालयों में लगभग 2.70 करोड़ रुपये की लागत से ओपन जिम बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा, 14 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में भी करीब 70 लाख रुपये की लागत से आधुनिक ओपन जिम स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि छात्राओं को विद्यालय परिसर में ही फिटनेस संबंधी सुविधाएं मिल सकें।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को नियमित शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और विद्यालयों में फिटनेस के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना है। इससे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य, शारीरिक क्षमता और मानसिक संतुलन को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।
सर्वांगीण विकास को मिलेगा बढ़ावा
पीएम श्री योजना के तहत शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और आधुनिक अधोसंरचना के विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है। विद्यालयों में स्थापित होने वाले ओपन जिम विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करेंगे, जिससे उनमें फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और खेल गतिविधियों में भागीदारी भी मजबूत होगी।
विशेषज्ञों के अनुसार नियमित व्यायाम से बच्चों की शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति और रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। साथ ही यह तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास संभव : राजेश शर्मा
समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास संभव है। इसी सोच के साथ पीएम श्री विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में ओपन जिम स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह पहल छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इससे बच्चों में फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली की आदत विकसित होगी, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगी।