दैनिक खबरनामा । शिमला, 15 जून: हिमाचल प्रदेश सरकार ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्ध एवं संबद्धता के लिए अधिसूचित 158 सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में 305 अंग्रेजी शिक्षकों की नियुक्ति कर दी है। चयनित शिक्षकों को 30,000 रुपये प्रतिमाह के निश्चित मानदेय पर नियुक्त किया गया है। इस श्रेणी में कुल 400 पद भरे जाने हैं, जबकि शेष 95 पद आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों से भरे जाएंगे।
राज्य चयन आयोग की सिफारिश और प्रदेश सरकार की मंजूरी के बाद शिक्षा निदेशालय ने नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। ये नियुक्तियां “स्कीम फॉर CBSE एफिलिएटेड स्कूल्स ऑफ एक्सीलेंस इन हिमाचल प्रदेश” के तहत संचालित विशेष उप-योजना के अंतर्गत की गई हैं।
निदेशालय के अनुसार, शिक्षकों की नियुक्ति पूरी तरह अस्थायी आधार पर पांच वर्षों के लिए होगी। चयनित अभ्यर्थियों को 30,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा, जो प्रत्येक शैक्षणिक सत्र के 10 महीनों के लिए देय होगा।
नियमित कर्मचारी का दर्जा नहीं मिलेगा
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि ये नियुक्तियां किसी स्वीकृत नियमित पद के विरुद्ध नहीं की गई हैं। इसलिए चयनित शिक्षकों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिलेगा और वे नियमित कर्मचारियों को मिलने वाले वेतनमान, पेंशन, पदोन्नति या अन्य सेवा लाभों के पात्र नहीं होंगे। उनकी सेवाएं केवल संबंधित योजना और अनुबंध की शर्तों के अनुसार संचालित की जाएंगी।
पांच कार्य दिवस में करना होगा ज्वाइन
शिक्षा निदेशालय ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को आदेश जारी होने की तिथि से पांच कार्य दिवसों के भीतर संबंधित विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय सीमा में ज्वाइनिंग नहीं करने पर नियुक्ति स्वतः निरस्त मानी जाएगी।
दस्तावेजों का होगा पुनः सत्यापन
कार्यभार ग्रहण करते समय अभ्यर्थियों को मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, स्व-घोषणा पत्र तथा निर्धारित प्रारूप में अनुबंध और बॉन्ड जमा करना होगा। साथ ही विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को उम्मीदवारों के मूल प्रमाणपत्रों एवं अन्य दस्तावेजों का पुनः सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा गलत जानकारी देने, तथ्य छिपाने या दस्तावेजों में किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने की स्थिति सामने आती है, तो उसकी नियुक्ति रद्द की जा सकती है।