दैनिक खबरनामा। श्रीनगर, 16 जून : जम्मू-कश्मीर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में जम्मू-कश्मीर हाउसिंग बोर्ड के जूनियर इंजीनियर (जेई) तारिक अहमद गनई और उनकी पत्नी रुखसाना जाना के खिलाफ विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। जांच के दौरान दोनों के बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये के वित्तीय लेन-देन का खुलासा हुआ है।
एसीबी के प्रवक्ता के अनुसार, यह मामला वर्ष 2020 में दर्ज किया गया था। तारिक अहमद गनई जम्मू-कश्मीर हाउसिंग बोर्ड में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी रुखसाना जाना आईसीडीएस विभाग में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं। दोनों दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के चंद्रीगाम, अलाई गुंड, त्राल क्षेत्र के निवासी हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद उनके खिलाफ जम्मू-कश्मीर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, संवत 2006 की धारा 5(1)(ई), 5(2) तथा आरपीसी की धारा 109 के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान एसीबी को कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले, जिनसे आरोपों की पुष्टि हुई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपितों के विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये का वित्तीय लेन-देन किया गया था।
सरकारी कर्मचारी के खिलाफ अभियोजन चलाने के लिए आवश्यक सरकारी मंजूरी प्राप्त करने के बाद एसीबी ने विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निरोधक), श्रीनगर की अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 8 जुलाई 2026 की तारीख निर्धारित की है।