दैनिक खबरनामा । बिलासपुर, 20 जून : हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला मुख्यालय के रौड़ा सेक्टर में शुक्रवार को एक बेहद मार्मिक और हृदयविदारक घटना सामने आई। लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे बेटे की पीड़ा और परिस्थितियों से परेशान एक मां ने पहले बेटे को जहरीला पदार्थ दिया और बाद में स्वयं भी जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना में मां-बेटे दोनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 66 वर्षीय कुमुद शर्मा, पत्नी स्वर्गीय नरेश कुमार, और उनके 36 वर्षीय बेटे अक्षांश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार मूल रूप से अर्की क्षेत्र का रहने वाला था और पिछले कुछ समय से बिलासपुर के रौड़ा सेक्टर में किराये के मकान में रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, अक्षांश कई वर्षों से गंभीर बीमारी से पीड़ित था। पिछले दो-तीन वर्षों से उसकी हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि वह चलने-फिरने में भी असमर्थ था। उसके पिता का निधन पहले ही हो चुका था और मां ही उसकी देखभाल कर रही थी।
शुक्रवार दोपहर जब घर में काफी देर तक कोई गतिविधि नहीं दिखी तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने घर जाकर देखा तो मां और बेटा दोनों बेसुध अवस्था में पड़े मिले। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, लेकिन मौके पर पहुंचने तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बेटे की लंबी बीमारी, उसकी देखभाल की जिम्मेदारी और आर्थिक परेशानियों से मानसिक रूप से परेशान होकर महिला ने यह कदम उठाया। हालांकि, दोनों ने कौन-सा जहरीला पदार्थ सेवन किया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोग मां-बेटे की मौत को बेहद दुखद बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।