दैनिक खबरनामा। नाहन/सिरमौर, 17 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल अंतर्गत क्यारदा गांव में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपनी सगी मां पर लोहे के दराट से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी ने जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी।
माजरा थाना पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता 58 वर्षीय मजिदा, पत्नी जमील, निवासी गांव क्यारदा, डाकघर मिश्रवाला, तहसील पांवटा साहिब ने बताया कि उसके चार संतानें हैं – दो बेटे और दो बेटियां। सभी की शादी हो चुकी है।
मजिदा के अनुसार उसका बेटा अकरम, पत्नी अनिशा के साथ घर के अलग हिस्से में रहता है। घटना के वक्त मजिदा अपनी छोटी बेटी मशरुफा और उसके बेटे तनवीर के साथ घर के बरामदे में बैठी थी। इसी दौरान अकरम, उसकी पत्नी अनिशा और अनिशा का एक भाई, जिसका नाम मजिदा को नहीं पता, अचानक वहां पहुंचे और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि अकरम अपने साथ लोहे का दराट लाया था। इसी हथियार से उसने मां के सिर पर वार किया, जिससे मजिदा के सिर में गहरी चोट आई और खून बहने लगा। मारपीट के दौरान अनिशा ने तनवीर को भी लात मारी।
हमला करने के बाद तीनों मौके से फरार हो गए, लेकिन जाने से पहले उन्होंने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दीं।
मजिदा की शिकायत पर माजरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।