दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़ , 25 जून, 2026. पंजाब को गैंगस्टर और नशा मुक्त बनाने के लिए पंजाब पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियानों के तहत गुरुवार को राज्यभर में व्यापक कार्रवाई की गई। ‘गैंगस्टर्स ते वार’ अभियान के 156वें दिन पुलिस ने 562 स्थानों पर छापेमारी करते हुए 332 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जबकि ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत 59 नशा तस्करों को काबू कर बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए।
पंजाब पुलिस के अनुसार, गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान विभिन्न जिलों की पुलिस टीमों ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के साथ समन्वय स्थापित कर चिन्हित ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 16 हथियार बरामद किए गए और अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 40,353 तक पहुंच गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 147 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई भी की, जबकि तीन घोषित अपराधियों (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर्स) को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों से संबंधित किसी भी जानकारी को एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गुप्त रूप से साझा कर सकते हैं।
उधर, नशा तस्करी के खिलाफ जारी ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के 481वें दिन भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 59 तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 1.5 किलोग्राम हेरोइन, 2,346 नशीली गोलियां तथा 21,150 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
पुलिस आंकड़ों के अनुसार, पिछले 481 दिनों में इस अभियान के तहत कुल 69,987 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके साथ ही नशामुक्ति और पुनर्वास अभियान को भी समान रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। गुरुवार को 14 व्यक्तियों को नशामुक्ति एवं पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित कर उपचार केंद्रों में भेजा गया।
पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में अपराध, गैंगस्टर नेटवर्क और नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां संगठित अपराध के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही हैं।