दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 26 जून 2026. पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत गुरुवार से घर-घर गणना का कार्य शुरू हो गया। राज्यभर में 24,453 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने मतदाताओं के घर पहुंचकर गणना फॉर्म वितरित करने और उन्हें भरवाने की प्रक्रिया शुरू की। यह अभियान 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिसके दौरान राज्य के 2.14 करोड़ से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाई जाएगी।
अभियान के पहले दिन मुख्य चुनाव अधिकारी पंजाब, श्रीमती अनिंदिता मित्रा ने स्वयं अपने परिवार के साथ गणना फॉर्म भरकर मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान में भाग लिया। इस दौरान उनकी माताजी ने भी अपना गणना फॉर्म भरकर नागरिक सहभागिता का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने घर आने वाले बीएलओ का पूरा सहयोग करें ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि अभियान के पहले दिन राज्यभर में गणना फॉर्म वितरण का कार्य उत्साहपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने मतदाताओं से अनुरोध किया कि वे अपनी नवीनतम रंगीन फोटो तैयार रखें, गणना फॉर्म भरकर उस पर हस्ताक्षर करें और बीएलओ को सौंप दें। साथ ही फॉर्म की एक प्रति विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने तक अपने पास सुरक्षित रखें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी घर पर पहली बार बीएलओ के पहुंचने पर ताला लगा मिलता है तो फॉर्म दरवाजे के नीचे से डाल दिया जाएगा तथा अगली यात्रा की जानकारी स्टिकर के माध्यम से दी जाएगी। बीएलओ फॉर्म एकत्र करने के लिए प्रत्येक घर पर तीन बार जाएंगे। यदि मतदाता मौजूद नहीं है तो परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य संबंध का उल्लेख करते हुए उसकी ओर से फॉर्म पर हस्ताक्षर कर सकता है।
श्रीमती मित्रा ने बताया कि मतदाता ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और वोटर सेवा पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन गणना फॉर्म जमा कर सकते हैं। इसके अलावा ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के जरिए सीधे अपने बीएलओ से संपर्क भी किया जा सकता है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 जुलाई 2026 तक मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की प्रक्रिया चलेगी। 3 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा, जबकि दावे और आपत्तियां 3 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। इनके निस्तारण के बाद 1 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग देकर राज्य की मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, सटीक और विश्वसनीय बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।