दैनिक खबरनामा । जम्मू, 28 जून : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 6 और 7 जुलाई को जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद यह उनका केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का पहला आधिकारिक दौरा होगा। इस दौरान वे कार्यकर्ताओं और आम जनता को संबोधित करने के साथ-साथ संगठन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

भाजपा द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर 6 जुलाई को एक विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें नितिन नवीन मुख्य वक्ता होंगे। यह कार्यक्रम 23 जून से चल रहे “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी समर्पण पखवाड़ा” के समापन समारोह के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

दौरे के दूसरे दिन यानी 7 जुलाई को भाजपा अध्यक्ष वरिष्ठ नेताओं, कोर ग्रुप के सदस्यों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों के प्रभारियों के साथ अलग-अलग बैठकों में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में जम्मू-कश्मीर की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन के विस्तार और आगामी रणनीतियों पर चर्चा होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी मुलाकात कर सकते हैं। उनके दौरे की तैयारियों को लेकर रविवार को त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने की। इस दौरान उधमपुर-कठुआ-डोडा संसदीय क्षेत्र में हुए प्रमुख विकास कार्यों और परियोजनाओं पर आधारित एक पुस्तक का भी लोकार्पण किया गया।

सत शर्मा ने पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कहा कि आगामी सभी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भाजपा ने छह प्रमुख कार्यक्रम निर्धारित किए हैं और 23 जून से 6 जुलाई तक चल रहे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति पखवाड़ा के अंतर्गत 6 जुलाई को उनकी जयंती विशेष रूप से मनाई जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि नितिन नवीन अपने जम्मू प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे, जनसभाओं में शामिल होंगे और संगठनात्मक बैठकों का नेतृत्व करेंगे।

भाजपा के संगठन महामंत्री अशोक कौल ने जिला और बूथ स्तर पर नियमित बैठकों के महत्व पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि 6 जुलाई को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और योगदान पर संगोष्ठियों का आयोजन किया जाए। उन्होंने मानसून के मौसम में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने तथा पार्टी के डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय तेजी आई है।

बैठक के दौरान गोपाल महाजन ने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों तथा 23 जून से 6 जुलाई तक चल रहे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति पखवाड़ा की गतिविधियों की समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत की। पदाधिकारियों की बैठक से पहले भाजपा कोर ग्रुप की बैठक भी हुई, जिसमें संगठनात्मक और राजनीतिक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

इधर, प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा, संगठन महामंत्री अशोक कौल, विधायक श्याम लाल शर्मा और अन्य नेताओं ने पलौड़ा टॉप स्थित मन्हास ग्राउंड का निरीक्षण किया। हालांकि, अत्यधिक गर्मी को देखते हुए पार्टी बड़े सामुदायिक भवन में कार्यक्रम आयोजित करने के विकल्प पर भी विचार कर रही है। मिश्रीवाला स्थित ग्रैंड मैजेस्टिक कम्युनिटी हॉल संभावित स्थलों में प्रमुख माना जा रहा है।

Share to :
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Also Like

जम्मू-श्रीनगर के लिए तीसरी वंदे भारत, नवरात्र में शुरू होने की संभावना, जानें रूट, समय और संभावित किराया

दैनिक खबरनामा। जम्मू, 21 अगस्त:  जम्मू-कश्मीर आने-जाने वाले यात्रियों को जल्द एक…
Share to :

पाक समर्थित हवाला जाल पर बड़ी चोट, जम्मू-कश्मीर में तीन लोग गिरफ्तार

दैनिक खबरनामा। जम्मू 31 मई: कठुआ में आतंकी गतिविधियों को आर्थिक सहायता…
Share to :

तीसरे दिन भी नहीं थमी सफाई कर्मियों की हड़ताल, शहरों में बढ़ी गंदगी से जनजीवन प्रभावित

दैनिक खबरनामा। ऊधमपुर, 31 मई : नगर परिषद और नगर पालिका के…
Share to :

जम्मू-कश्मीर SI भर्ती: ओवरएज अभ्यर्थियों को बड़ा झटका, CAT ने आयु सीमा में छूट की मांग ठुकराई

दैनिक खबरनामा | जम्मू, 1 जून : जम्मू-कश्मीर पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (एसआई)…
Share to :