दैनिक खबरनामा । जम्मू, 30 जून : जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने संसद भवन में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात कर केंद्र शासित प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और चिकित्सा अवसंरचना के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान सत शर्मा ने जम्मू-कश्मीर में स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता देने के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नए चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना, आधुनिक स्वास्थ्य संस्थानों के विकास और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।
उन्होंने विशेष रूप से एम्स जम्मू में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां शुरू की गई उन्नत चिकित्सा सेवाओं से जम्मू और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को काफी राहत मिली है। साथ ही उन्होंने संस्थान में सुविधाओं का और विस्तार करने, विशेषज्ञ विभागों की संख्या बढ़ाने तथा अतिरिक्त चिकित्सा कर्मियों की नियुक्ति पर विचार करने का आग्रह किया, ताकि इसे स्वास्थ्य सेवाओं और शोध के क्षेत्र में अग्रणी केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।
सत शर्मा ने कश्मीर में बन रहे एम्स के निर्माण कार्य में तेजी लाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कश्मीर घाटी के लोग लंबे समय से इस परियोजना के पूरा होने और संस्थान के संचालन शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
इस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर के स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने सत शर्मा द्वारा उठाए गए सुझावों और मांगों पर सकारात्मक विचार करने तथा एम्स कश्मीर समेत संबंधित विषयों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।